रिपोर्टर रामसिंह मीणा रघुनाथपुरा। 
बड़ीसादड़ी : राजस्थान शिक्षक संघ ( सियाराम ) के प्रशासनिक अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक सियाराम शर्मा ने निदेशक, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर को ज्ञापन भेजकर ग्रीष्मकालीन, मध्यावधि एवं शीतकालीन अवकाशों में शिक्षकों के प्रतियोगी परीक्षाओं में कार्य करने के एवज में उपार्जित अवकाश तथा रविवार के दिन कार्य करने के एवज में क्षतिपूर्ति अवकाश देने के दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीणा ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर, राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग जयपुर तथा अन्य राजकीय विभागों द्वारा ग्रीष्मकालीन, मध्यावधि एवं शीतकालीन अवकाशों में तथा रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करवाया जाता है, जिसमें विश्राम कालीन शिक्षा विभाग के कार्मिकों की प्रतियोगी परीक्षा में ड्यूटी लगाई जाती है। राजस्थान सेवा नियम 92 (बी) एवं सेवा नियम 91 के अनुसार विश्राम कालीन विभाग के कार्मिकों को उपार्जित अवकाश देने का प्रावधान है। राजस्थान स्कूल स्टेट ऑपन जयपुर द्वारा ग्रीष्मकालीन, मध्यावधि एवं शीतकालीन अवकाशों में आयोजित परीक्षाओं में वीक्षक एवं मूल्यांकन कार्य करने के एवज में उपार्जित अवकाश देने के आदेश जारी किये गये है।अतः राजस्थान स्कूल स्टेट ऑपन जयपुर की तरह राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर, राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग जयपुर तथा अन्य राजकीय विभागों द्वारा ग्रीष्मकालीन, मध्यावधि एवं शीतकालीन अवकाशों के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में विश्राम कालीन विभाग के कार्मिकों को उपार्जित अवकाश तथा रविवार के दिन कार्य करने के एवज में क्षतिपूर्ति अवकाश देने के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग शिक्षक संघ (सियाराम) ने निदेशक से की है यह जानकारी जिला अध्यक्ष भंवर लाल मेघवाल ने दी।














