आरबीआई वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत ग्राम लसडावन में जागरूकता शिविर आयोजित।

रिपोर्टर राकेश कुमावत कपासन न्यूज/ लसडावन। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से 9 से 13 फरवरी तक मनाए जा रहे वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत वित्तीय साक्षरता केंद्र, बड़ीसादड़ी द्वारा ग्राम लसडावन में केवाईसी एवं सुरक्षित बैंकिंग विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित बैंकिंग की दिशा में आपका पहला कदम” रखी गई है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नरेगा साइट पर कार्यरत श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में निंबाड़ा ब्लॉक के फील्ड को-ऑर्डिनेटर मनजीत शर्मा ने सुरक्षित बैंकिंग लेन-देन, मनी फ्रॉड के बढ़ते खतरे तथा डिजिटल एवं पारंपरिक बैंकिंग में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बचत खाता, आरडी, एफडी, सुकन्या समृद्धि योजना, सुरक्षा बीमा एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर राजस्थान ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक श्री विवेक सिंह शेखावत, एडीओ श्री शांतिलाल जी नायक, ग्राम विकास अधिकारी मानिक बर्मन तथा कनिष्ठ सहायक दयाराम रेगर ने केवाईसी प्रक्रिया, एटीएम उपयोग, अटल पेंशन योजना, ऑनलाइन बैंकिंग तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर उपयोगी जानकारी साझा की। शिविर में बैंक मित्र श्री प्रकाश रिगार्ड द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया तथा आर-केवाईसी से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इस जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाना तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।