भ्रष्टाचारियों और भू-माफियाओं का होगा सफाया, छापरी में लागू होगा पंजाब का गवर्नेंस मॉडल: जाट

कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़। आम आदमी पार्टी कपासन के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) चित्तौड़गढ़ के जिला अध्यक्ष जगदीश जाट ने ग्राम पंचायत छापरी से सरपंच पद के लिए अपनी मज़बूत दावेदारी पेश करते हुए क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो पंचायत में भ्रष्टाचार और अतिक्रमण के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी। मुख्य घोषणाएँ और प्राथमिकताएँ: पंजाब मॉडल की दस्तक: जगदीश जाट ने कहा कि छापरी पंचायत में आम आदमी की मूलभूत आवश्यकताओं—बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लिनिक, बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा और सुचारू बिजली-पानी—को पूरा करने के लिए पंजाब सरकार का सफल मॉडल लागू किया जाएगा। भू-माफियाओं पर प्रहार: भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब तक राजनीतिक संरक्षण में पनपे भू-माफियाओं के दिन अब लद चुके हैं। गोचर भूमि और विद्यालयों के खेल मैदानों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया जाएगा। भ्रष्टाचार मुक्त शासन: जाट ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, “तीतर की तरह उड़ जाएंगे भ्रष्टाचारी”। जो लोग पर्दे के पीछे रहकर अवैध कब्जे और भ्रष्टाचार का खेल खेल रहे हैं, उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा। किसानों और आमजन की हुंकार: भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष के नाते उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायत का बजट अब बंदरबाँट की भेंट नहीं चढ़ेगा, बल्कि सीधे विकास कार्यों और किसानों के हित में उपयोग होगा। उन्होंने कहा, “छापरी की जनता अब बदलाव चाहती है। हम खोखले वादों से नहीं, बल्कि ठोस काम और ईमानदारी से पंचायत की तस्वीर बदलेंगे