रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी उपखंड क्षैत्र के पहुँना क्षेत्र में परंपरागत आस्था और उत्साह के साथ होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। ग्राम की मुख्य होली ऊँचा रोड स्थित शीतला माता के स्थान के समीप प्रज्वलित की गई, जहाँ पंडित राधेश्याम शर्मा की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कर होलिका दहन किया गया। इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चों ने उपस्थित रहकर सुख-समृद्धि की कामना की।इसके अलावा गणेशपुरा (बाड़ा), कीर माली मोहल्ला,रावला चौक तथा खादी भंडार चौराहे सहित अन्य स्थानों पर भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ होलिका दहन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।होलिका दहन के साथ ही क्षेत्र में रंगोत्सव की धूम शुरू हो गई है। युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है तथा बाजारों में भी पर्व की रौनक बढ़ गई है।














