कपासन न्यूज/ भीलवाड़ा। शाम अर्घ्य के साथ झिलमिलाया घाट, भजन-कीर्तन व जागरण से भक्तिमय हुआ वातावरण, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ हुआ व्रत का समापन पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति एवं छठ पूजा सेवा समिति,
मानसरोवर झील भीलवाड़ा के तत्वावधान में लोक आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक चैती छठ महापर्व इस वर्ष भी पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। चार दिवसीय इस पावन व्रत के चौथे दिन बुधवार प्रातः काल श्रद्धालुओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मानसरोवर झील का पूरा घाट दीपों, श्रद्धा और भक्ति से आलोकित नजर आया, जहां बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में एकत्रित होकर पूजा में लीन दिखाई दिए। संध्या अर्घ्य के पश्चात झील परिसर में भजन-कीर्तन और जागरण का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘छठ मैया’ के जयकारों, लोकगीतों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। जिसके पश्चात प्रसाद वितरण कर श्रद्धालु अपने-अपने घरों को प्रस्थान करेंगे। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के अध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि भीलवाड़ा में छठ महापर्व का विशेष महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। कार्तिक छठ की तरह अब चैती छठ भी शहर में भव्य स्वरूप लेने लगा है। वाटर बॉक्स तालाब, मानसरोवर झील, नेहरू तलाई सहित विभिन्न स्थानों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महापर्व को मनाते हैं। मानसरोवर झील पर हुआ यह आयोजन इस बात का संकेत है कि आने वाले वर्षों में चैती छठ भी शहर की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख हिस्सा बन जाएगा, जहां लोग मिलकर आस्था, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का संदेश देंगे। इस आयोजन में कई गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिनमें डॉ अशोक सिंह कामेश्वर साह, ओम प्रकाश सिंह, सुरेश चंद्रवंशी, फुलेंदर गुप्ता, सतीश यादव, चुनीलाल साह ,कामेंद्र सिंह, घनश्याम कुशवाहा, रामजीत चौधरी, सूरज गुप्ता , सुरमणि पांडे, दुर्गा प्रसाद यादव,दिनेश कामत कृष्ण बिहारी सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।














