रिपोटर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी। क्षेत्र के पहुँना कस्बे में हनुमान जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें राम दरबार की आकर्षक झांकी भी सजाई गई।शोभायात्रा में शामिल हनुमान भक्त नाचते-गाते हुए जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। यह शोभायात्रा कीर माली मोहल्ले स्थित हनुमान मंदिर से बैंड-बाजों के साथ रवाना हुई, जो कीर माली मोहल्ला, महेश्वरी मोहल्ला, सदर बाजार, हरि सिंह दरवाजा, जैन मोहल्ला, खटीक मोहल्ला एवं जीनगर मोहल्ला होते हुए पुनः हनुमान मंदिर पहुंची।शोभायात्रा के दौरान भक्तगणो द्वारा प्रसाद वितरित किया गया। हनुमान मंदिर पहुंचने पर भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।वहीं छीपो की घाटी स्थित हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ एवं आरती का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पहुँना चौकी प्रभारी प्रभु सिंह मय जाप्ता तैनात रहे।इसी प्रकार राशमी कस्बे में भी हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां हनुमान प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया तथा लक्ष्मीनाथ मंदिर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।














