कपासन न्यूज/ भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना धीर जी का खेड़ा-ब्यावर मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई। मृतक की पहचान चित्तौड़गढ़ के समीप धनेत गांव निवासी विकास जोशी के रूप में हुई है, जो शिक्षाविद स्वर्गीय मुरलीधर शर्मा के पुत्र थे। उनकी पत्नी विद्या शर्मा घायल हुई हैं। दंपति अपने पैतृक गांव धनेत से उपरेडा स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। भदेसर-होडा चौराया मुख्य सड़क मार्ग पर ब्यावर के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को समाजसेवियों की मदद से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया। भदेसर की 108 एम्बुलेंस रात्रि में दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद निकुंभ और भादसोडा थाने से 108 एम्बुलेंस पहुंची, जिसकी सहायता से दोनों को चित्तौड़गढ़ अस्पताल ले जाया गया। चित्तौड़गढ़ अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी ने विकास जोशी को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी विद्या शर्मा को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय स्थित सांवलिया जी चिकित्सालय में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। मृतक विकास शर्मा का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। विकास जोशी बिरला शिक्षा केंद्र में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी विद्या शर्मा आंगनवाड़ी में कार्यरत हैं। दंपति का एक 24 वर्षीय पुत्र भी है।














