कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ में एएनटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए बाइक के एयर क्लीनर में छुपाई गई 2.70 किलो अफीम बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई शंभूपुरा थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी इस मादक पदार्थ को बड़ी चालाकी से छुपाकर मध्यप्रदेश से जोधपुर की ओर ले जा रहे थे।
*सूचना पर नाकाबंदी कर पीछा किया*
एएनटीएफ को पहले से ही जानकारी मिली थी कि दो लोग बाइक पर अवैध मादक पदार्थ ले जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने शंभूपुरा थाना क्षेत्र के अरनोदा-गिलूंड रोड पर सादा कपड़ों में नाकाबंदी की। कुछ देर बाद हुलिए के अनुसार बाइक आती दिखाई दी। टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने लगे। इसके बाद टीम ने उनका पीछा किया।
चित्तौड़गढ़ में एएनटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 2.70 किलो अफीम बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
*आरोपी खेतों में भागे, फिर दबोचे गए*
कुछ दूरी पर आरोपियों ने बाइक सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन एएनटीएफ टीम ने तेजी दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीमच, मध्यप्रदेश निवासी गौतम दास (58) पुत्र रामदास बैरागी और बंशीलाल (22) पुत्र सुंदरलाल नायक के रूप में हुई।
*बाइक के एयर क्लीनर में छुपाई गई अफीम*
आरोपियों को पकड़ने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उनसे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अवैध मादक पदार्थ बाइक के एयर क्लीनर में छुपाया था। तलाशी में 2.70 किलो अफीम बरामद हुई और पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।














