कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ जिले के एक बुजुर्ग से इन्वेस्टमेंट के नाम लाखों रुपए की ठगी कर ली। यूट्यूब पर आईपीओ का एड देख झांसे में आए निम्बाहेड़ा के प्रदीप कुमार नवलखा (50) ने 19.89 लाख रुपए का इन्वेस्टमें किया।
इतना ही नहीं प्रदीप को झांसे में लेने के लिए उन्हें एक वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ा। जहां झूठे मुनाफे के फर्जी विज्ञापन शेयर किए जाते थे। ऐसे में वे झांसे में आने लगे।
इसके बाद जब लाखों रुपए का इन्वेस्टमेंट कर रुपए निकालने की कोशिश की तो पता चला कि जिस एप के जरिए वे इन्वेस्टमेंट करवा रहे थे, वह फर्जी थी। पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।
यूट्यूब एड से शुरू हुई ठगी की कहानी, वॉट्सएप के जरिए बनाया भरोसा
पीड़ित ने बताया कि जनवरी 2026 में वह मोबाइल पर यूट्यूब देख रहे थे, तभी उन्हें एक IPO निवेश से जुड़ा विज्ञापन दिखाई दिया। इस विज्ञापन में एक बड़ी कंपनी का नाम इस्तेमाल किया गया था, जिससे भरोसा बढ़ा।
जब उन्होंने उस एड पर क्लिक किया तो वह सीधे व्हाट्सएप चैट पर पहुंच गए। वहां एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि अगर वे निवेश करते हैं तो 30 प्रतिशत से ज्यादा मुनाफा मिल सकता है।
शुरुआत में पीड़ित को यह ऑफर अच्छा लगा और उन्होंने बातचीत जारी रखी। ठग ने उन्हें पूरी प्रक्रिया समझाते हुए एक लिंक भेजा, जिससे एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई गई और उसी पर उनका नया अकाउंट बनवाया गया।
*शुरुआत में छोटा निवेश, फिर बढ़ता गया भरोसा और रकम* ठग ने पीड़ित को पहले केवल 2 हजार रुपए निवेश करने के लिए कहा। इसके लिए एक बैंक खाता दिया गया, जो किसी अन्य फर्म के नाम पर था। जब पीड़ित ने इस पर सवाल उठाया तो ठग ने समझाया कि यह ब्रोकरेज अकाउंट है और बाद में पैसा कंपनी तक पहुंच जाता है। इस बात पर भरोसा करते हुए पीड़ित ने 2 फरवरी को 2 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद एप्लीकेशन में उनका बैलेंस दिखने लगा, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया। फिर उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया, जहां और भी लोगों के मुनाफे के मैसेज दिखाए जाते थे, जिससे उन्हें लगा कि यह सब असली है।














