भूखंड बेचने के नाम पर धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी थाना क्षेत्र के पहुंना कस्बे में भूखंड बेचने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, पहुंना निवासी पुरुषोत्तम पुत्र बालूराम अजमेरा पर कमलनयन तोतला के साथ भूखंड विक्रय का एग्रीमेंट करने का आरोप है। बताया गया कि आरोपी ने सरकारी भूमि का भी सौदा कर दिया था, जो कि नियमों के विरुद्ध है।जानकारी के मुताबिक यह सौदा 70 लाख रुपये में तय हुआ था। इसमें आरोपी ने प्रार्थी से अग्रिम राशि के रूप में 7 लाख रुपये भी प्राप्त कर लिए थे। बाद में जब प्रार्थी कमलनयन तोतला को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक अंबालाल गुर्जर द्वारा की गई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम अजमेरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।