उसरोल में ग्रामीण सेवा शिविर संपन्न, विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं का लाभ।

कपासन न्यूज/ भूपालसागर, 22 जून 2026।
राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के तहत सोमवार को पंचायत समिति भूपालसागर की ग्राम पंचायत उसरोल में शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया एवं विकास अधिकारी मुकेश पोरवाल के निर्देशन में किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर का मुख्यमंत्री कार्यालय जयपुर से आई मंजू प्रजापत ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की प्रगति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
शिविर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर देशराज गुर्जर (जिला मंत्री भाजपा), पन्नालाल भील (जिला अध्यक्ष एसटी मोर्चा एवं सदस्य प्रदेश भाजपा) तथा ग्राम पंचायत प्रशासक भंवरलाल ढोली उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजेंद्र सिंह पुरावत (जिला परिषद प्रतिनिधि), देवीलाल जाट (अतिरिक्त विकास अधिकारी), कमलेश बौद्ध (ग्राम विकास अधिकारी), समर सिंह चौहान, तथा भगवानलाल माली (वरिष्ठ लिपिक) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए। ग्राम पंचायत द्वारा 8 आवासीय पट्टे जारी किए गए, जबकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा 30 पेंशन प्रकरण स्वीकृत किए गए। पशुपालन विभाग ने 120 पशुओं का टीकाकरण तथा 125 पशुओं में लम्पी रोग निरोधक वैक्सीनेशन किया। साथ ही 12 पशुपालकों को पशुधन योजना से लाभान्वित किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा 3 स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, 12 मूल निवास प्रमाण-पत्र, 3 सीमांकन प्रकरण, 1 पत्थरगढ़ी कार्य तथा 17 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को बैलों की जोड़ी, तारबंदी एवं कृषि यंत्रों संबंधी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही समस्याओं का समाधान करवाया। ग्रामीणों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी बताया।