रिपोर्टर आजाद मंसूरी कपासन न्यूज/ राशमी क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर रविवार को ग्राम पहुँना में वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए खेड़ा देवताओं का विधि-विधान से पूजन किया गया।
लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी फसलें मुरझाने लगी हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसी के मद्देनज़र ग्रामीणों ने इंद्र देव को प्रसन्न करने एवं क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना के लिए सामूहिक धार्मिक आयोजन किया।गांव के गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव के प्रमुख धार्मिक स्थलों और देवस्थानों पर पहुंचकर खेड़ा देवताओं की पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और भरपूर वर्षा की प्रार्थना की। धार्मिक माहौल के बीच ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए क्षेत्र में हरियाली, किसानों की खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की।ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष गांव के लोग एकजुट होकर खेड़ा देवताओं एवं इंद्र देव की आराधना करते हैं। उनका विश्वास है कि सामूहिक श्रद्धा और प्रार्थना से प्रकृति प्रसन्न होती है तथा क्षेत्र में अच्छी वर्षा होती है।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गांव की प्राचीन धार्मिक परंपरा को जीवंत बनाए रखा।














