कपासन में स्कूल खेल मैदान को बचाने के लिए प्रधानाचार्य के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे विद्यार्थी, मुख्य मार्ग व बस स्टैंड पर निकाली रैली।

रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत। कपासन न्यूज/ कपासन (चित्तौड़गढ़)। नगर पालिका क्षेत्र कपासन स्थित महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान की भूमि को बचाने के लिए चल रहा विरोध अब और तेज हो गया है। भामाशाह द्वारा दान में दी गई खेल मैदान की जमीन को उनके वारिसों द्वारा कथित रूप से बेचे जाने के खिलाफ आज विद्यालय के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने मुख्य मार्गों पर उतरकर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य की अगुवाई में दोपहर में निकली आक्रोश रैली
आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को दोपहर के समय विद्यालय परिसर से एक विशाल विरोध रैली की शुरुआत हुई। इस रैली का नेतृत्व स्वयं विद्यालय के प्रधानाचार्य कर रहे थे, जिनके साथ शिक्षक वर्ग और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। स्कूल यूनिफॉर्म में कतारबद्ध होकर निकले विद्यार्थियों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर “विद्यालय खेल मैदान की जमीन चोरी” लिखकर विरोध दर्ज कराया गया था।
बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर गूंजे नारे, थम गई रफ्तार
यह आक्रोश रैली विद्यालय से रवाना होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंची। दोपहर के समय बस स्टैंड और मुख्य बाजार पर विद्यार्थियों ने एकजुट होकर जमकर नारेबाजी की। “खेल मैदान हमारा है” और “दान की जमीन का बेचान बंद करो” के नारों से पूरा कपासन कस्बा गूंज उठा। रैली के चलते कुछ समय के लिए मुख्य मार्गों पर आवागमन भी थम गया और स्थानीय नागरिकों ने भी बच्चों के इस हक की लड़ाई का पुरजोर समर्थन किया।
भामाशाह के दान को बेचने का आरोप
मामले के अनुसार, यह खेल मैदान वर्षों पहले एक भामाशाह द्वारा विद्यालय के बच्चों के भविष्य और खेलकूद के लिए दान किया गया था। आरोप है कि अब उनके वारिसान इस सार्वजनिक और शैक्षणिक उपयोग की भूमि का व्यावसायिक बेचान करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानाचार्य और छात्र-छात्राओं का साफ कहना है कि किसी भी सूरत में स्कूल की इस धरोहर को बिकने नहीं दिया जाएगा।