रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत कपासन न्यूज/ कपासन, 25 जुलाई। महावीर इंटरनेशनल अपेक्स की प्रेरणा एवं सहभागिता से महावीर इंटरनेशनल केंद्र, कपासन द्वारा संचालित “सुकून की छांव” सेवा प्रकल्प के अंतर्गत बस स्टैंड कपासन पर बूट पॉलिश का कार्य करने वाले भूपेश भगवतीलाल मेघवाल को ग्रीष्म एवं वर्षा ऋतु में धूप एवं बारिश से बचाव के लिए निःशुल्क छाता प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष वीर मुकेश संचेती ने कहा कि सेवा, संवेदना एवं सहयोग की भावना से संचालित यह प्रकल्प समाज के उन मेहनतकश बूट पॉलिश कर्मियों, ठेला एवं फेरी व्यवसायियों तथा दैनिक श्रमिकों को समर्पित है, जो विपरीत मौसम में भी निरंतर अपनी आजीविका अर्जित करने में जुटे रहते हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों को सुरक्षा एवं सहयोग प्रदान करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी इस सेवा अभियान के अंतर्गत अन्य जरूरतमंद श्रमिकों को छाते वितरित किए जाएंगे। इसी क्रम में महावीर इंटरनेशनल केंद्र, कपासन द्वारा राजकीय उपजिला चिकित्सालय, कपासन में नवजात शिशुओं के लिए बेबी किट वितरित किए गए। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रसूताओं एवं उनके परिजनों को नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं उचित देखभाल के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान कर स्वस्थ मातृत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल केंद्र कपासन के सचिव वीर दीपक कुमार मोची, उपाध्यक्ष वीर राकेश पोखरना, वीर योगेश बारेगामा, गर्विष संचेती, प्रसन्नदीप बग्गा, आशीष, विनीत, भगवतीलाल, विनोद चंडालिया, प्रकाश वैष्णव, मनोहरलाल तातेड़, नर्सिंग ऑफिसर शारदा स्वर्णकार, मंजु सांखला सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।














