प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय पहुंचकर लिया जायजा, सरकार को चेतावनी— खेल मैदान नहीं बचा तो होगा व्यापक जनआंदोलन।

रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत कपासन न्यूज/ कपासन। कपासन स्थित पीएमश्री राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय के लगभग 60–65 वर्ष पुराने ऐतिहासिक खेल मैदान को निजी हाथों में सौंपे जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य एवं विद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा खेल मैदान का निरीक्षण किया। कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे घटनाक्रम को विद्यार्थियों के अधिकारों, शिक्षा और खेल संस्कृति पर सीधा हमला बताते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि इस ऐतिहासिक खेल मैदान को सुरक्षित नहीं रखा गया तो कांग्रेस जन-जन को साथ लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव दिनेश चाष्टा, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद मोदी, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट पवन कुमार शर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बारेगामा, सेवा दल के पूर्व नगर अध्यक्ष वी.सी. व्यास तथा शिवशंकर उपाध्याय शामिल थे।

विद्यालय प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि यह खेल मैदान पिछले 60–65 वर्षों से विद्यालय के उपयोग में है, जहाँ हजारों विद्यार्थियों ने फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स सहित अनेक खेलों में अपनी प्रतिभा निखारी है। राष्ट्रीय पर्व, शासकीय समारोह एवं विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम वर्षों से इसी मैदान में आयोजित होते रहे हैं। यहाँ तक कि जब भी किसी विशिष्ट अतिथि अथवा जनप्रतिनिधि के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हुई, तब भी विद्यालय प्रशासन से अनुमति लेकर इसी मैदान का उपयोग किया गया। यह मैदान केवल विद्यालय की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे कपासन की खेल संस्कृति और सामाजिक पहचान का प्रतीक रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस ऐतिहासिक खेल मैदान की भूमि को विद्यालय से अलग कर निजी हितों को लाभ पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय द्वारा वर्षों पूर्व लगभग 35 आरी भूमि विधिवत क्रय किए जाने के बावजूद उसके नामांतरण एवं विक्रय की जानकारी सामने आना अत्यंत गंभीर विषय है।

₹1.50 करोड़ का स्वीकृत बजट भी लौटाना पड़ा

जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव दिनेश चाष्टा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने इस खेल मैदान के विकास एवं आधुनिक खेल सुविधाओं के निर्माण के लिए लगभग ₹1.50 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। किंतु वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में भूमि विवाद एवं नामांतरण की प्रक्रिया के कारण विकास कार्य प्रारंभ नहीं हो सका और स्वीकृत बजट वापस लौटाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि यह राशि समय पर खर्च होती तो आज कपासन के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट खेल परिसर उपलब्ध होता।

चाष्टा ने कहा, “एक समय नारा दिया जाता था— ‘मोदी है तो मुमकिन है’, लेकिन आज जनता कहने लगी है— ‘भाजपा है तो कुछ भी मुमकिन है।’ भ्रष्टाचार की सभी सीमाएँ पार हो चुकी हैं। यह सरकार अब आमजन और विद्यार्थियों के हितों पर भी कुठाराघात कर रही है। दशकों पुराने विद्यालय के खेल मैदान को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य, खेल संस्कृति और जनहित पर सीधा हमला है। कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।”

नगर विकास के नाम पर जनता के साथ छल : डॉ. ललित बोरीवाल

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. ललित बोरीवाल ने कहा कि कपासन एक सुनियोजित एवं सुविधायुक्त कस्बा रहा है, लेकिन भाजपा शासन में नगर विकास की दिशा पूरी तरह भटक गई है। विकास के नाम पर ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं जिनसे आमजन लगातार परेशान हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर की सब्जी मंडी ऐसी जगह बनाई जा रही है जहाँ पार्किंग की समुचित व्यवस्था ही नहीं है, जिससे भविष्य में गंभीर यातायात समस्या उत्पन्न होगी।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मोहनलाल सुखाड़िया के समय विकसित नगर के प्रमुख पार्क को उजाड़कर वहाँ सब्जी मंडी बना दी गई, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए दूसरे पार्क का उपयोग किया जा रहा है। यह नगर नियोजन की विफलता का स्पष्ट उदाहरण है।

डॉ. बोरीवाल ने आरोप लगाया कि जिन विकास कार्यों को पूर्व में भाजपा ने न्यायालय से स्थगन आदेश लेकर वर्षों तक रुकवाया, आज वही कार्य नियमों की अनदेखी करते हुए स्वयं कर रही है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रमोद मोदी के कार्यकाल में जिन योजनाओं का विरोध किया गया, आज उन्हीं कार्यों को भाजपा अपने हितों के अनुरूप आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि नगर की सड़कें बदहाल हैं, नालियाँ जर्जर हैं और मूलभूत नागरिक सुविधाएँ उपेक्षित हैं, लेकिन जनता की प्राथमिक समस्याओं के समाधान के बजाय लाखों रुपये मूर्तियाँ लगाने जैसे कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं।

डॉ. बोरीवाल ने कहा, “भाजपा की यह तानाशाही और जनविरोधी सोच सफल नहीं होने दी जाएगी। कांग्रेस बच्चों के इस ऐतिहासिक खेल मैदान को किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं होने देगी। विद्यार्थियों, अभिभावकों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों के साथ मिलकर इस मैदान की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, सरकार को ज्ञापन दिए जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक, लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा। भाजपा सरकार के जनविरोधी इरादों को हर कीमत पर विफल किया जाएगा।”

प्रतिनिधिमंडल ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस पूरे प्रकरण को लेकर शीघ्र ही राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि खेल मैदान को सुरक्षित रखने, विवादित नामांतरण निरस्त करने तथा विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पूरे क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेगी। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह केवल भूमि का विवाद नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य, खेल संस्कृति और जनहित की रक्षा का प्रश्न है। कांग्रेस इस ऐतिहासिक खेल मैदान को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर लोकतांत्रिक संघर्ष करेगी।