हजरत सैयद गुलाब शाह मस्तान उर्फ काले बाबा साहब का 30वां तीन दिवसीय उर्स कुल की फातिहा के साथ संपन्न।

रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत। कपासन न्यूज/ कपासन | 29 जुलाई निकटवर्ती खात्याखेड़ी स्थित हजरत सैयद गुलाब शाह मस्तान (र.अ.) उर्फ काले बाबा साहब का 30वां तीन दिवसीय सालाना उर्स कुल की फातिहा के साथ संपन्न हुआ। काले बाबा साहब के गादीनशी एडवोकेट सैयद अशफाक अली एवं सैयद ऐजाज अली ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय उर्स के तहत विभिन्न धार्मिक व रूहानी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

उर्स के अंतिम दिन बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीनों ने दरगाह शरीफ पर मन्नत की चादर व फूल पेश कर मुल्क में अमन-चैन व खुशहाली की दुआएं मांगी।

उर्स के अंतिम दिन महफिल – ए- मिलाद के बाद महफिल-ए-समां का आयोजन हुआ,जिसमें मशहूर कव्वालों ने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम पेश कर जायरीनों को रूहानी सुकून से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात परंपरा अनुसार रंग की महफिल में सभी कव्वालों ने एक साथ मिलकर अमीर खुसरो की प्रसिद्ध कव्वाली “आज रंग है री माँ रंग है री,मोहे पीर पायो निजामुद्दीन औलिया का मुश्तरका (संयुक्त) गायन किया। अमीर खुसरो के इस सूफियाना कलाम की गूंज से पूरा आस्ताना-ए-आलिया रूहानी रंगों से सराबोर हो उठा और उपस्थित जायरीन अकीदत में सराबोर होकर झूमते नजर आए।

उर्स का समापन कुल की फातिहा ख्वानी के साथ हुआ। फातिहा के दौरान देश-दुनिया में भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की गई।

फातिहा ख्वानी के पश्चात दरगाह शरीफ में विशाल आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जायरीनों और अकीदतमंदों को तबर्रुक (लंगर) तकसीम किया गया। इसी के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन हुआ ।