चोरी के प्रयास का 48 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्टर आजाद मंसूरी कपासन न्यूज/ राशमी पुलिस थाना राशमी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज 48 घंटे में चोरी के प्रयास की घटना का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रकरण एवं अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ तथा अनुसंधान किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदय सिंह चुंडावत के निर्देशन में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में चोरी एवं लूट के प्रकरणों में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन कर सर्च अभियान चलाया गया।सर्च अभियान के दौरान थाना राशमी के प्रकरण संख्या 167/2026, धारा 331(6), 62 बीएनएस 2023 में वांछित आरोपियों की तलाश की गई। प्रकरण के अनुसार लसाड़िया कला निवासी कंकु बाई पत्नी मोतीलाल तेली रात के समय अपने मकान परिसर में सो रही थी। इसी दौरान दो युवक मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे और कंकु बाई के गले में पहने सोने के मांदलिये को चाकू से काटकर चोरी करने का प्रयास किया।

कंकु बाई ने अपने हाथ से मांदलिया पकड़ लिया और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिजन जाग गए। इस दौरान दोनों आरोपी परिजनों को देखकर पत्थर फेंकते हुए उसी दीवार से भाग निकले।

वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर रणजीत पुत्र चम्पालाल नायक निवासी लसाड़िया कला को नामजद कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके सहयोगी के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने शान्तिलाल पुत्र लोभा जी नायक निवासी लसाड़िया कला को भी नामजद कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस दोनों आरोपियों से उक्त घटना सहित अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है।