पहुंना में तेज बारिश से कई जगह भरा पानी, जलभराव से राहगीर व दुकानदार परेशान।

रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी पहुंना कस्बे में बुधवार को रुक-रुककर हुई तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। तेज बारिश के चलते खादी भंडार चौराहे पर भीलवाड़ा-कपासन सड़क के दोनों ओर पानी भर गया, जिससे चौराहा तालाबनुमा नजर आने लगा।चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद खादी भंडार चौराहे से लसाड़िया कलां जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पानी की निकासी का मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है।चौराहे पर सब्जी, नाश्ता सहित अन्य दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को भी जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा नालो की सफाई करवाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।