सिंहपुर में भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन, शिवभक्तों में दिखा उत्साह।

कपासन न्यूज/ सिंहपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर सोमवार को सिंहपुर में भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा झांतला माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर नर्बदेश्वर महादेव मंदिर, नीम चौक तक पहुंची। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने कावड़ लेकर यात्रा में भाग लिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

यात्रा का आयोजन क्षेत्र में अच्छी वर्षा एवं खुशहाली की कामना के लिए भी किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से पर्याप्त वर्षा, अच्छी फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

यात्रा के आयोजन में देवेंद्र जायसवाल, रवि असावा, अशोक सोनी, सुनील वैष्णव, धीरज हेड़ा, परसराम असावा, सत्यनारायण गगरानी एवं कान्हा वैष्णव सहित युवाओं एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। वहीं गांव की महिलाओं का भी विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा।

नर्बदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। आयोजकों ने सभी शिवभक्तों, महिलाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।