भामाशाहों के सहयोग से बदली गुड़लिया राजकीय विद्यालय की तस्वीर।

समाज ने थामा विद्यालय का हाथ, सुविधाओं से लेकर संस्कारों तक संवर रहा विद्यार्थियों का भविष्य

स्टोरी- आजाद मंसूरी, पहुँना। कपासन न्यूज/ राशमी सरकारी विद्यालयों में संसाधनों की कमी के बीच यदि शिक्षक, ग्रामवासी और भामाशाह मिलकर विकास का संकल्प लें तो तस्वीर बदलते देर नहीं लगती उपखंड के ग्राम पंचायत रेवाडा के गुड़लिया राजकीय विद्यालय इसका प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया है। शिक्षकों की प्रेरणा और ग्रामवासियों एवं भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय में लगातार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। यह पहल न केवल विद्यालय के भौतिक विकास को नई दिशा दे रही है, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को भी मजबूत आधार प्रदान कर रही है।

*कैमरे से लेकर साउंड सिस्टम तक मिला सहयोग*

विद्यालय के विकास में स्वर्गीय रतनलाल जाट, स्वर्गीय नारायण लाल जाट, प्यार चंद गाडरी, किशन लाल जाट तथा नाथू दास वैष्णव ने CCTV कैमरे एवं आहूजा साउंड सिस्टम उपलब्ध करवाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन सुविधाओं से विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।

*पानी की सुविधा से लेकर परिसर विकास तक*

स्वर्गीय गणेश लाल गाडरी की पुण्य स्मृति में वाटर कूलर मय RO सेट एवं नल कनेक्शन का कार्य करवाया गया। वहीं बालाजी मित्र मंडल गुड़लिया की ओर से विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान में मिट्टी भराव करवाया गया, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सका।

*स्वागत द्वार और फर्नीचर से संवरा विद्यालय*

श्याम लाल शर्मा द्वारा विद्यालय के मुख्य द्वार पर स्वागत द्वार लगवाया गया। स्वर्गीय महावीर वैष्णव ने विद्यार्थियों के लिए संपूर्ण फर्नीचर भेंट किया। चारभुजा मित्र मंडल के सौजन्य से इनवर्टर, कनेक्शन एवं पंखे उपलब्ध करवाए गए। इन सहयोगों से विद्यालय का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित हुआ है।

*विद्यार्थियों की जरूरतों का भी रखा जा रहा ध्यान*

सेवा एवं सहयोग की इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष स्कूल बैग, गुरुवार पोशाक, जूते एवं स्टेशनरी उपलब्ध करवाई जाती है। राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर भामाशाहों द्वारा प्रतिवर्ष विद्यार्थियों के लिए कृष्ण भोग भी दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने के साथ उनमें समाज के प्रति अपनापन और सहयोग की भावना भी विकसित हो रही है।

*नवीन शौचालय और सरस्वती मंदिर की घोषणा*

विद्यालय में जर्जर हो चुके शौचालय के स्थान पर नवीन आधुनिक शौचालय निर्माण की तैयारी है। वहीं राजू जाट एवं गोवर्धन लाल जाट द्वारा विद्यालय परिसर में सरस्वती मंदिर निर्माण की घोषणा की जा चुकी है। विद्यालय परिवार के अनुसार दोनों कार्य आगामी 26 जनवरी से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएंगे।

*स्मार्ट शिक्षा की ओर बढ़ते कदम*

आधुनिक शिक्षा की आवश्यकता को देखते हुए भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय को 55 इंची स्मार्ट LED टीवी एवं कैनन प्रिंटर भी भेंट किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और पढ़ाई को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

*अल्प निवेदन पर पूरा गांव बन जाता है सहभागी*

विद्यालय परिवार के अनुसार विद्यालय की किसी भी आवश्यकता को लेकर अल्प निवेदन मात्र करने पर संपूर्ण ग्रामवासी सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यही सामूहिक भावना गुड़लिया विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत बन गई है। शिक्षक, भामाशाह और ग्रामीण जब एक मंच पर आकर विद्यालय के विकास में सहभागी बनते हैं तो सरकारी विद्यालय भी किसी उत्कृष्ट निजी संस्थान से कम नजर नहीं आता।

*शिक्षा के साथ संस्कारों की भी नींव*

गुड़लिया राजकीय विद्यालय में हो रहे विकास कार्य यह संदेश दे रहे हैं कि शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। समाज की भागीदारी से विद्यार्थियों को सुविधाओं के साथ सहयोग, सेवा और संस्कारों का महत्व भी सीखने को मिल रहा है।

“इल्म की रोशनी से रोशन हो हर एक चेहरा,

यही हो समाज का सबसे खूबसूरत सवेरा।”

भामाशाहों एवं ग्रामवासियों का यह अनुकरणीय सहयोग विद्यालय की सुविधाओं में वृद्धि करने के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। गुड़लिया राजकीय विद्यालय आज समाज की सहभागिता से सुविधाओं, सहयोग और संस्कारों की नई मिसाल कायम कर रहा है।