मंदसौर जिला पुलिस अधीक्षक ने चित्तौड़गढ़ डीएसटी टीम को नगद पुरस्कार से किया सम्मानित।

कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ 12 अक्टूबर। मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में चित्तौड़गढ़ डीएसटी पुलिस ने सराहनीय भूमिका निभाई है। इसके तहत *मंदसौर जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा* ने आरोपी की गिरफ्तारी में सराहनीय योगदान देने वाले *चित्तौड़गढ़ डीएसटी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुरज कुमार, कांस्टेबल अशोक, अरविन्द, कृष्णकांत और विरेन्द्र* को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। डीएसटी टीम ने आरोपी को पकड़कर मल्हारगढ़ थाना पुलिस के सुपुर्द किया, इन पांच पुलिसकर्मियों को उनकी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर में अपराध क्रमांक 285/2023 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 में आरोपी लेरूलाल पिता मोहनलाल अहिर, निवासी जालमपुरा, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ (राज.) फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्यालयीन आदेश 21 फरवरी 2024 के माध्यम से 2,000 रुपए के नकद इनाम की घोषणा की गई थी।

लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी लेरूलाल को डीएसटी थाना पुलिस के कार्मिकों ने 18 जून 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना मल्हारगढ़ के पुलिसकर्मियों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिसकर्मियों को दिया गया यह पुरस्कार फरार आरोपियों की धरपकड़ में सक्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और व्यावसायिक दक्षता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।