संपादक कालूराम कुमावत। 
चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव, मतदान हमारी जिम्मेदारी – जिला निर्वाचन अधिकारी। चित्तौड़गढ़। 25 अप्रैल गुरुवार को लोकसभा आम चुनाव 2024 के अंतर्गत शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है और एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मतदान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से मतदान की अपील करते हुए कहा कि हम जीवन में कई प्रकार के चुनाव करते हैं। अब बारी देश के लिए चुनाव करने की है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दिवस 26 अप्रैल को सवेरे 7 बजे से सांय 6 बजे तक सभी मतदाताओं से आवश्यक रूप से मतदान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेगी। मतदान केन्द्र पर शीतल जल की प्याऊ, बैठने के लिए कुर्सी, जाजम, छाया के लिए टेन्ट, कूलर आदि की व्यवस्था होगी, वहीं मतदान केंद्र पर सेल्फी पॉइन्ट, मतदाता प्रमाण पत्र की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर दिव्यांग जन, वृद्धजन, अस्वस्थ व्यक्तियों के लिए वाहन की व्यवस्था की उपलब्धता के साथ विवाह जैसे कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए वर-वधू एवं परिवारजनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए है। इस बार दिव्यांग बूथ, पिंक बूथ, यूथ बूथ विशेष रूप से बनाए गए है। इसी के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कर्मचारियों, कामगारों व श्रमिकों को भी मतदान दिवस के दिन सवैतनिक अवकाश प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भय मुक्त वातावरण में चुनाव के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता एपिक कार्ड के अलावा 12 अन्य दस्तावेज से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। हम सभी संकल्प लें कि मतदान दिवस को हमारी प्राथमिकता मतदान करना हो तथा मतदान के बाद सभी दायित्वों का निर्वहन करें।














