संपादक कालूराम कुमावत। 
इंदौर| में पति को काम का कहने से एक महिला की जान मुश्किल में पड़ गई। गुस्साए पति ने उसे पहले बुरी तरह पीटा। फिर आरोपी ने दोनों आंखों में मिर्च झोंक दी। यही नहीं, फिर चाकू से गला रेतने की कोशिश की। इस दौरान महिला की मदद के लिए आसपास के लोग पहुंचे ताे आरोपी पति मौके से भाग गया। द्वारकापुरी पुलिस ने ममता राठौर नाम की महिला की शिकायत पर उसके पति भागीरथ के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया वह सिलाई का काम करती है। पति काम पर नहीं जाता है। रविवार को भी उसे काम पर जाने की बात कही। इस पर वह गुस्सा हो गया। पहले मारपीट करते हुए घर के बाहर तक खींच लाया। इस दौरान चेहरे और हाथ में चोट आई। वह कुछ समझ पाती, उससे पहले पति अंदर से मिर्च और चाकू उठाकर लाया। उसकी दोनों आंखों में मिर्च डाल दी। सिर के बाल पकड़कर गला रेंतने की कोशिश की। चिल्लापुकार सुनकर आसपास की महिलाएं और कुछ युवक भागते हुए आए। तब पति ने डर के चलते उसे छोड़ा और मौके से भाग गया। बाद में महिला को उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। महिला का कहना है कि आरोपी ने जिस तरह से गला रेंतने की कोशिश की है, वह तालिबानियों की क्रूरता जैसा था।














