बसंत पंचमी पर जयपुर के विद्याधर नगर में संपन्न हुआ भव्य हिंदू सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन।

कपासन न्यूज/ जयपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को सनातन सेवा ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान में हिंदू सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन अग्रसेन हॉस्पिटल ग्राउंड, सेक्टर-7, विद्याधर नगर, जयपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री केशव अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराना रहा। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा सभी वर-वधुओं को गृहस्थ जीवन की सुदृढ़ शुरुआत हेतु आवश्यक घरेलू उपयोग की वस्तुएँ, वस्त्र, आभूषण एवं अन्य उपयोगी उपहार जैसे सिलाई मशीन, डबल बेड, गद्दे, चादरें, तकिये, पंखे, ट्रंक, साड़ियाँ, सूट आदि निःशुल्क प्रदान किए गए। इस सर्वजातीय हिंदू सामूहिक विवाह सम्मेलन में सह-आयोजक के रूप में हिंदू युवा वाहिनी राजस्थान, पंजाबी समाज सेवा समिति एवं रोटरी क्लब जयपुर डिग्निटी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने हेतु गठित आयोजन समिति में श्री केशव अरोड़ा (अध्यक्ष), श्री राजकुमार अग्रवाल (महामंत्री), श्री नवीन भूटानी (महामंत्री), श्री सुशील अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), श्री राजू मीणा, श्री अशोक कुमावत, श्रीमती अंजली शर्मा, श्री हजारी चौधरी (संगठन मंत्री), श्री अनिल सिंह, श्री मनोज सेन, श्री के.के. भटनागर, श्री जया कंवर, श्रीमती अलका अग्रवाल, श्री मनोज शर्मा कोटवाल, श्री सुरेंद्र मीणा, श्री देवांशी गुप्ता एवं श्रीमती पूनम शर्मा, हरिओम सिंह हिंदुस्तानी व योगेश पंवार (मीडिया प्रभारी) सहित अनेक समाजसेवी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस भव्य आयोजन में विभिन्न स्थानों से गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की, जिनमें गलता तीर्थ से पधारे श्री राघवेंद्र जी सहित अनेक संत-महात्मा, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। सनातन सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह सम्मेलन सामाजिक समरसता, सेवा भावना एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का एक प्रेरणादायक उदाहरण रहा।