कपासन न्यूज/ कपासन। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कचोलिया में
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में छात्र दिलखुश जाट पुत्र गोपी लाल जाट के चयन होने पर विद्यालय परिवार द्वारा छात्र एवं उनके पिताजी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक भेरूलाल जीनगर ने छात्र दिलखुश को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। विज्ञान शिक्षक श्री संदीप कुमार गर्ग ने छात्र के चयनित प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दिलखुश ने अपने नवाचार और वैज्ञानिक सोच के आधार पर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नए-नए प्रयोग करने तथा नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ सदस्य ज्योति, भगवती कुमारी शर्मा, अंजली पलोड़, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विद्या शर्मा एवं डिजिटल सखी चंदा जाट उपस्थित रहे। सभी ने छात्र दिलखुश जाट को शुभकामनाएँ देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














