रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी पवित्र रमजान माह के अंतिम दिनों के साथ ही पहुँना कस्बे में ईदुल फितर की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। घरों में पारंपरिक मिठाई सिवइयां बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मुस्लिम परिवारों में ईद के मौके पर सिवइयां बनाने की पुरानी परंपरा रही है, जिसके चलते महिलाएं इन दिनों घरों में आटा, मैदा और सूजी से रंग-बिरंगी सिवइयां तैयार करने में जुटी हुई हैं।पहले अधिकतर घरों में सिवइयां हाथों से ही बनाई जाती थीं, लेकिन समय के साथ बाजार में रेडीमेड सिवइयों की उपलब्धता बढ़ने से कई लोग अब बाजार से तैयार सिवइयां खरीदने लगे हैं। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मुस्लिम महिलाएं परंपरा को कायम रखते हुए घरों में ही सिवइयां बनाना पसंद करती हैं।ग्रामीण इलाकों में महिलाएं अलग-अलग रंगों और आकारों की सिवइयां बनाकर उन्हें सुखाती हैं, जो ईद के दिन खास तौर पर मेहमानों और रिश्तेदारों को परोसी जाती हैं। ईदुल फितर के पर्व को लेकर बच्चों और बड़ों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है तथा बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ने लगी है।ईद के करीब आते ही कस्बे में कपड़ों और जरूरी सामान की खरीदारी भी तेज हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में त्योहार की रौनक साफ दिखाई देने लगी है।














