रिपोर्टर: आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी उपखंड क्षेत्र के पहुँना कस्बे में
गणगौर पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने ईसर जी एवं शिव-पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। महिलाओं द्वारा सेवरा लाया गया तथा कच्चे-पक्के सकरपाले एवं मूंदड़ी से पूजा संपन्न की गई। पूजा के पश्चात महिलाओं ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर गणगौर एवं ईसर जी की कहानियों का श्रवण किया और व्रत खोला। कस्बे में सोमवार सायंकाल करीब 6 बजे कन्हैया लाल स्वर्णकार एवं ईश्वर लाल कावड़िया परिवार के नेतृत्व में गणगौर पर्व पर आतिशबाजी के साथ भव्य सवारी निकाली गई। सवारी के दौरान महिलाएं गणगौर के गीत गाते हुए चल रही थीं। गणगौर की सवारी जैन मोहल्ला, सदर बाजार, जीनगर मोहल्ला, खटीक मोहल्ला एवं हरि सिंह दरवाजा होते हुए पुनः अपने स्थान पर पहुंची। अंत में ईसर जी एवं शिव-पार्वती की पूजा कर प्रसाद वितरण किया गया।














