कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ए.एन.टी.एफ. टीम को सफलता मिली है। जबकि आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 35.920 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और 15.83 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद किया गया है। इसके साथ ही एक बलेनो कार और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाकाबंदी के दौरान गाड़ी को रुकने का इशारा किया था टीम ने छापरी से सिंहपूर चौकी कपासन मार्ग पर सादे कपड़ों में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की बलेनो कार तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने भीलवाड़ा पासिंग गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने नाकाबंदी तोड़ दी और तेज रफ्तार में भाग निकले। स्थिति को देखते हुए टीम ने तुरंत गाड़ी का पीछा शुरू किया और काफी दूरी तक पीछा करने के बाद कार को रोक लिया। हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर कार को जंगल के रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गए। कार की तलाशी में मिला अवैध मादक पदार्थ, सर्च अभियान जारी। आरोपियों के भागने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर खड़ी बलेनो कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान शुरू किया और आसपास के जंगल क्षेत्र में तलाश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। लावारिस मोटरसाइकिल से भी बरामद हुआ नशा, नेटवर्क की आशंका सर्च अभियान के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास ही एक लावारिस हालत में बाइक नजर आई। आसपास कोई व्यक्ति नहीं होने पर पुलिस टीम को शक हुआ। जब मोटरसाइकिल की जांच की गई तो उसमें से भी अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि आरोपी एक से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।














