उपरेड़ा विद्यालय में प्रवेशोत्सव मनाया, प्रतिभावान बालिकाओं का सम्मान।

रिपोर्टर: आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ राशमी ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उपरेड़ा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रशासक एवं पहुँना मंडल अध्यक्ष नारायण लाल अहीर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपरेड़ा गांव की हाल ही में कक्षा 10 उत्तीर्ण करने वाली प्रतिभावान बालिकाएं कृष्णा अहीर (पिता रामेश्वर लाल अहीर) एवं पायल भील (पिता कालू लाल भील) का मुंह मीठा कर सम्मान किया गया। साथ ही दोनों छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप 2100-2100 रुपये प्रदान कर आगे उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। मंडल अध्यक्ष अहीर ने दोनों बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे हर संभव आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे।गौरतलब है कि पायल भील ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गणित विषय में 100 में से 100 अंक हासिल किए, जिससे विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन किया। वहीं कृष्णा अहीर ने एक निजी विद्यालय में अध्ययन करते हुए 91.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।विद्यालय के संस्थाप्रधान नाथूलाल भील ने मंडल अध्यक्ष का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया, जबकि अध्यापक गोपाल लाल बेरवा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्टाफ सदस्य लादूलाल शर्मा, सुशीला आर्य एवं मुरली मनोहर जीनगर ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक एवं उपरणा पहनाकर स्वागत किया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभावान बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।