नीमच सिटी पुलिस की बड़ी सफलता, अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस सहित 2 आरोपी गिरफ्तार।

कपासन न्यूज/ नीमच। पुलिस थाना नीमच सिटी ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अवैध पिस्टल (शस्त्र), एक जिंदा कारतूस तथा अवैध हथियार खरीददार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा राउंड जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 30 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहन पिता महेश खरे, जाति बाल्मीकि, निवासी गांधी नगर, हरिजन मोहल्ला नीमच अपने पास एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस लेकर मनासा रोड से कॉलेज ग्राउंड रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और तलाशी में उसके पास से एक अवैध पिस्टल तथा एक जिंदा राउंड बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त पिस्टल उसे साहिल उर्फ टुकू पिता संतोष जाती निवासी हरिजन कॉलोनी, नीमच ने दी थी। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी साहिल उर्फ टुकू के खिलाफ नीमच सिटी, नीमच कैंट और रतनगढ़ थाने में कई आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वहीं आरोपी रोहन पिता महेश खरे के खिलाफ भी नीमच कैंट थाने में प्रकरण दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना नीमच सिटी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।