कपासन न्यूज/ बुर्का पहनकर युवाओं को उनकी डिमांड पर एमडी ड्रग्स उपलब्ध करवाने वाली फिरदौस बी का कनेक्शन राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के ड्रग माफियाओं से जुड़ा निकला है। इसे ड्रग्स उपलब्ध करवाने वाले नारायण के अलावा एक और ड्रग्स माफिया की जानकारी खजराना पुलिस को मिली है।
फिरदौस बी को रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है, वहीं इसे ड्रग्स देने वाले नारायण से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक ने बताया एमडी ड्रग्स के नेटवर्क में फिरदौस बी सहित 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फिरदौस ने खजराना में मैरिज ब्यूरो की आड़ में युवाओं को ड्रग्स की लत लगाकर अपना ग्राहक बना लिया था। पहले गिरफ्तार हो चुके ओसामा ने चंदन नगर में पेडलर्स व युवाओं की टीम खड़ी कर ली थी।
*पति की मौत के बाद बनी तस्कर*
फिरदौस बी चित्तौड़गढ़ के रहने वाले महेंद्र परिहार की पत्नी है। महेंद्र की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। वहीं गिरफ्तार आरोपी नारायण महेंद्र का दोस्त था। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। इसी कारण फिरदौस नारायण के संपर्क में आई। पति की मौत के बाद उसने एमडी ड्रग्स सप्लाय करना शुरू कर दिया था। दिखावे के लिए मैरिज ब्यूरो खोल रखा था।














