रिपोटर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा। कपासन न्यूज/ बड़ीसादड़ी। उपखंड क्षेत्र के नंगाखेड़ी गांव में शनिवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ।
दिव्य आनंद धाम आश्रम के संत अनंत राम शास्त्री महाराज ने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि उसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीपक जलने से अंधकार स्वतः समाप्त हो जाता है,
उसी प्रकार पुण्य कर्मों के प्रभाव से पाप नष्ट हो जाते हैं। यदि जीवन में कभी भूलवश पाप कर्म हो गए हों तो आज से ही उनका त्याग कर पुण्य कार्यों का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने धर्म, सेवा और सदाचार को मानव जीवन का वास्तविक आभूषण बताया। प्रवचन से पूर्व गांव के विभिन्न मोहल्लों से पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। स्वामीजी के सान्निध्य में निकली यह शोभायात्रा पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कथा आयोजन नंगाखेड़ी के प्रसिद्ध किसान स्वर्गीय रामसिंह बेनीवाल की स्मृति में उनके भाई लालचंद बेनीवाल तथा पुत्र बाबूलाल और कमल सिंह बेनीवाल की ओर से कराया जा रहा है। कथा प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगी। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिदिन आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए कथा स्थल पर विशाल पंडाल में आधुनिक कुलरों एवं फव्वारों से शीतलता की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं दो सौ से अधिक स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर जुटे हुए हैं।














