कपासन न्यूज/ झालावाड़ | 6 मई, 2026 राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवाशक्ति समिति के तत्वावधान में आज कुमावत समाज के सैकड़ों लोगों ने अपनी लंबित मांगों और सामाजिक अधिकारों को लेकर झालावाड़ जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पश्चात जिला अध्यक्ष मुकेश कुमावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
”राजनीतिक मोहरा नहीं बनेगा समाज”
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष मुकेश कुमावत ने प्रशासन के माध्यम से सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कुमावत समाज अब किसी भी राजनीतिज्ञ का मोहरा नहीं बनेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जातीय जनगणना में कुमावत समाज की गणना एक स्वतंत्र और पृथक जाति के रूप में की जाए, क्योंकि समाज का किसी अन्य जाति समूह से संबंध नहीं है।
कलेक्टर को अवगत कराई गई 5 मुख्य मांगें:
स्थापत्य कला बोर्ड: बोर्ड का पुनर्गठन कर तुरंत अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए।
पृथक पहचान: जनगणना प्रपत्र में कुमावत जाति के लिए अलग कॉलम की व्यवस्था हो।
कारीगर कल्याण: शिल्पकारों और भवन निर्माण से जुड़े श्रमिकों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज और योजनाएं लागू हों।
स्वास्थ्य सुरक्षा: सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित शिल्पकारों को उचित मुआवजा और मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिले।
राजनीतिक प्रतिनिधित्व: समाज की उपेक्षा बंद हो और उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
ज्ञापन देने के दौरान जिला प्रभारी विक्रम अन्यावड़ा, जिला संरक्षक रामस्वरूप कुमावत, जिला मीडिया प्रभारी राहुल कुमावत, जिला उपाध्यक्ष सावन कुमावत, और जिला महामंत्री अर्जुन कुमावत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। साथ ही बंशीलाल कुमावत (अध्यापक), रमेश कुराड़िया, चंद्रप्रकाश कुमावत (फौजी), रूपचंद सुरजानिया सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्ध जन और युवा शक्ति ने एकजुटता दिखाई।
समिति ने स्पष्ट किया कि यदि इन न्यायोचित मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में समाज एकजुट होकर कड़ा जवाब देगा।
प्रसार हेतु:
मुकेश कुमावत (अहनिया)
जिला अध्यक्ष,
राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवाशक्ति समिति, झालावाड़
कालूराम कुमावत प्रदेश मीडिया प्रभारी, राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवाशक्ति समिति राजस्थान














