भूपालसागर: ग्रामीण रथ पहुँचा भूपालनगर पंचायत कार्यालय, जम्बेश्वर कला मण्डल के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक।

रिपोटर अशोक शर्मा कपासन न्यूज/ भूपालसागर । राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘ग्रामीण रथ अभियान’ के तहत जागरूकता रथ उपखण्ड क्षेत्र की भूपालनगर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुँचा। यहाँ पहुँचने पर स्थानीय सरपंच एवं ग्रामीणों ने रथ का भव्य स्वागत किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्थानीय सरपंच ने ग्रामीण रथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात, रथ के साथ आए जम्बेश्वर कला मण्डल, केसर खेड़ी (कपासन) के कलाकार नाथू लाल पूर्बिया, गोपाल दास वैष्णव, जीवन रावल एवं राजू बारठ का माल्यार्पण कर और ऊपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। इन कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को सरल और रोचक ढंग से ग्रामीणों के समक्ष रखा। ग्रामीण रथ के माध्यम से ग्राम पंचायत के नागरिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी योजनाओं से जुड़ने और उनका भरपूर लाभ लेने की अपील की ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इस विशेष अवसर पर प्रशासन और पंचायत के कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे, जिनमें सहायक विकास अधिकारी देवीलाल जाट, सहायक कृषि अधिकारी प्रभुलाल खटीक,

एएसआई तेजमल मीणा, सरपंच प्रतिनिधि चतरा भील एवं पंचायत समिति सदस्य सत्यनारायण अहीर, ग्राम विकास अधिकारी सुश्री सीता प्रजापत, एलडीसी आशा खटीक, पटवारी अजय शर्मा और कृषि पर्यवेक्षक विष्णु मेनारिया, गोपाल लाल गुर्जर, सम्पत लाल जाट, मुकेश तेली, कालू सिंह राजपूत, किशन लाल गाडरी, कालूराम जाट, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित स्थानीय ग्राम पंचायत क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

“जागरूकता ही विकास का आधार है।” कलाकारों ने अपने अभिनय से ग्रामीणों को यह संदेश दिया कि वे आगे आएँ और सरकारी योजनाओं के साथ जुड़कर अपना जीवन स्तर सुधारें।