पूर्णाहुति के साथ सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन, सुदामा चरित्र सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु।

रिपोटर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा। कपासन न्यूज/ बड़ीसादड़ी। उपखंड क्षेत्र के नंगाखेड़ी में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी के साथ भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा पांडाल भक्ति रस में सराबोर नजर आया। दूर- दराज सहित आसपास के 80 से अधिक गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्मलाभ लिया। श्री रामद्वारा दिव्य आनंदधाम के संत अनंतराम शास्त्री महाराज ने हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कथाएं, सत्संग और संतों का सानिध्य मनुष्य को पशुता से निकालकर देवत्व की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज मनुष्य के भीतर बुराई, वैमनस्य और अपराध रूपी मैल बढ़ता जा रहा है, जिसे संतों के सत्संग, अच्छे संस्कार और कथा श्रवण से ही दूर किया जा सकता है। कथा मनुष्य के अंतर्मन को शुद्ध कर समाज में समरसता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है।

महाराज ने कहा कि कलयुग में राम नाम से बड़ा कोई सहारा नहीं है। राम नाम का स्मरण करने मात्र से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के हृदय में प्रभु श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा और भक्ति होती है, उसका जीवन स्वतः ही सुख, शांति और सद्गुणों से भर जाता है। कथा के दौरान महाराज ने सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भगवान के दरबार से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता। सच्ची श्रद्धा और भक्ति रखने वाले भक्त की भगवान श्रीकृष्ण हर परिस्थिति में सहायता करते हैं। सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं भजन “अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो” पर पूरा पांडाल भक्तिमय वातावरण में झूम उठा और श्रद्धालुओं ने जमकर भक्ति नृत्य किया। संत अनंतराम शास्त्री महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि संसार और मोह-माया में अधिक मन लगाने वाला व्यक्ति अंत समय में केवल पछतावा ही प्राप्त करता है, जबकि ईश्वर भक्ति, सत्संग और सत्कर्म ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। साथ ही उन्होंने सनातन धर्म के प्रति आस्था और निष्ठा बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति मानव जीवन को संस्कार, सेवा और सदाचार की राह दिखाती है। कथा समापन अवसर पर आयोजक लालचंद जाट ने उनके बड़े भाई स्व. रामसिंह जाट की पुण्यस्मृति में आयोजित कथा के सफल आयोजन पर पुत्र बाबूलाल जाट व कमलसिंह जाट ( बेनीवाल) ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कथा में भजनों को स्वर लहरियां देने में नीमड़ी के सूरज चौबीसा एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में पुष्कर सुथार, लालसिंह जाट, हरिसिंह जाट, बाबूलाल जाट, उत्तमीचंद जाट, कमलजाट, कालुराम जाट, महेंद्रसिंह जाट व रामेश्वर जाट, सहित पूरे गांव का विशेष सहयोग रहा। पूर्णाहुति के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में भारी उत्साह और भक्ति का विशेष वातावरण बना रहा।