रिपोटर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा। कपासन न्यूज/ छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के गांव प्रतापपुरा में पंच मुखी बालाजी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष मेआयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के पांचवें दिन शनिवार को भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
कथा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर कथा व्यास पंडित श्री मांगी लाल जी मेनारिया ने श्री राम – जानकी विवाह, अयोध्या आगमन और महर्षि विश्वामित्र की विदाई के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया।शिव धनुष खंडन और विवाह का उल्लास कथा की शुरुआत जनकपुर में धनुष यज्ञ प्रसंग से हुई।
कथा व्यास ने बताया कि किस तरह प्रभु श्री राम ने गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर एक ही झटके में शिव धनुष को खंडित कर राजा जनक की प्रतिज्ञा पूरी की। इसके उपरांत माता जानकी ने प्रभु के गले में जयमाला डालकर उनका वरण किया। पंडाल में श्री राम- सीता, लक्ष्मण-उर्मिला, भरत-मांडवी और शत्रुघ्न- श्रुतिकीर्ति के विवाह की रस्में विधि – विधान से सुनाई गईं, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए और पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंज उठा। महर्षि विश्वामित्र की भावपूर्ण विदाई विवाह संपन्न होने के उपरांत, कथा में वह क्षण आया जब प्रभु श्री राम ने अपने गुरु विश्वामित्र से विदा ली। कथा व्यास ने गुरु- शिष्य के इस अटूट प्रेम का वर्णन करते हुए बताया कि विश्वामित्र जी ने भारी मन से राजकुमारों को अयोध्या लौटने की अनुमति दी। गुरु की विदाई का यह दृश्य अत्यंत भावुक कर देने वाला था, जिसमें गुरु ने शिष्यों को सुखी जीवन और लोक कल्याण का आशीर्वाद दिया।अयोध्या में बहुओं का भव्य स्वागत जैसे ही चारों राजकुमार अपनी पत्नियों के साथ अयोध्या पहुंचे, पूरी नगरी दीपावली की तरह जगमगा उठी। माता कौशल्या, सुमित्रा और कैकेयी ने महल के द्वार पर नई बहुओं की आरती उतारी और भव्य स्वागत किया। कथा व्यास ने कहा कि यह विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि मर्यादा और आदर्शों का मिलन है। श्रद्धालुओं का सैलाब कथा के दौरान सुंदर झांकियां निकाली गईं, जिसमें दूल्हा बने श्री राम और दुल्हन बनीं माता जानकी के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। अंत में महाआरती के साथ पांचवें दिन की कथा का विश्राम हुआ और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।














