कपासन न्यूज/ भीलवाड़ा के मांडल में सामने आए फर्जी बीमा क्लेम मामले में पुलिस ने अहमदाबाद निवासी बीमा एजेंट सूरज विश्वास सहित ड्राइवर भीखा भाई और डालू गाडरी को शनिवार रात करीब 8 बजे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 7 लोगों के नाम पर 35 बीमा पॉलिसियां करवाई थीं, जिनमें 4 लोग राजस्थान के बताए जा रहे हैं। इन तीनों आरोपियों को शनिवार को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सूरज विश्वास (34) पुत्र सैमुअल इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी है, जो लोगों के फर्जी बीमा करवाता था। वहीं भीखा भाई (30) पुत्र बाबू भाई उसका ड्राइवर है और डालू गाडरी (36) पुत्र हरलाल गाडरी उसका साथी बताया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि मौत के बाद शव की उंगलियों और अन्य अंगों को जलाया जाता था या चोट के निशान बनाए जाते थे, ताकि हादसे में मौत दिखाकर फर्जी तरीके से बीमा क्लेम लिया जा सके।
इसी नेटवर्क के जरिए अहमदाबाद निवासी दीपक भाई गोयल का करीब 83 लाख रुपए का बीमा करवाया गया था। पुलिस के अनुसार दीपक की मौत के बाद उसके शव की उंगलियों को भी जलाया गया था, ताकि करंट लगने से मौत का मामला बनाया जा सके।
हालांकि डॉक्टर की सूझबूझ से मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई और जांच में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।
वहीं बागौर निवासी राकेश सांसी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।














