प्रतापपुरा में पंचमुखी बालाजी की प्राण प्रतिष्ठा: श्रीराम कथा में उमड़ा जनसैलाब, भरत-मिलाप देख भावुक हुए श्रद्धालु।

रिपोटर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा। कपासन न्यूज/ छोटीसादड़ी उपखंड : क्षेत्र के प्रतापपुरा गाँव में नवनिर्मित पंचमुखी बालाजी मंदिर में मूर्ति स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर भक्ति की गंगा बह रही है। इस विशेष उपलक्ष्य में आयोजित पाँच दिवसीय यज्ञ-हवन और श्रीमद रामायण कथा के सातवें दिन श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। भाई हो तो भरत जैसा: मांगीलाल जी मेनारिया व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक श्री मांगीलाल जी मेनारिया ने ‘भरत के त्याग’ और ‘राम के प्रति उनके अटूट प्रेम’ का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने समाज को सीख देते हुए कहा कि “यदि आज के दौर में भी भाइयों के बीच प्रेम, त्याग और अटूट विश्वास का भाव हो, तो वह परिवार सदैव सुखी और समृद्ध रहता है।” सजीव वर्णन से मंत्रमुग्ध हुए श्रोता कथा के दौरान जब भरत द्वारा पिता दशरथ का अंतिम संस्कार करने, गुरु वशिष्ठ के आग्रह के बाद भी राज्याभिषेक ठुकराने और प्रभु राम को मनाने वन जाने के प्रसंग सुनाए गए, तो समूचा पांडाल मंत्रमुग्ध हो गया। कथावाचक ने जब गंगा मैया से राम को वापस लाने की भरत की प्रार्थना और चित्रकूट में राम-भरत मिलाप का सजीव चित्रण किया, तो उपस्थित श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं। आकर्षण का केंद्र रही झाँकी कथा के दौरान चित्रकूट में राम-भरत मिलाप की बेहद सुंदर झाँकी प्रस्तुत की गई। राम की चरण पादुकाओं को सिर पर धारण कर भरत का अयोध्या प्रस्थान करना, इस दृश्य ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। अतिथियों के लिए भोजन प्रसादी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बाहर से आने वाले मेहमानों और श्रद्धालुओं के लिए समिति द्वारा प्रतिदिन भोजन की उत्तम व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।