उपखंड अधिकारी को दिया ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
रिपोटर रामसिंह मीणा, रघुनाथपुरा। कपासन न्यूज/ बड़ीसादड़ी।* नगर के पहाड़ी क्षेत्र में हिन्दुस्तान जिंक उद्योग का जहरीला अपशिष्ट डाले जाने से नगरवासियों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से 2000 से अधिक डंपर जिंक स्लज/वेस्ट मटेरियल डाल चुके हैं। इससे जनता के स्वास्थ्य, भूजल स्तर और खेतों को गंभीर नुकसान की आशंका है।
नागरिकों ने बताया कि नगर क्षेत्र में जो अपशिष्ट डाला जा रहा है वह सामान्य मिट्टी या भराव सामग्री नहीं है, बल्कि एक प्रकार का औद्योगिक जहरीला कचरा है। इसमें भारी धातुएं और खतरनाक रासायनिक तत्व हो सकते हैं।
*भविष्य में हो सकते हैं ये गंभीर नुकसान:*
– भूजल पूरी तरह दूषित हो सकता है। बारिश के साथ जहरीले तत्व जमीन में समाकर कुओं और ट्यूबवेल तक पहुंच सकते हैं।
– खेतों की उपजाऊ शक्ति खत्म होने लगेगी और फसलों में जहर आने का खतरा रहेगा।
– पशुओं और पक्षियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा।
– लोगों में कैंसर, हार्ट अटैक, स्किन रोग, सांस की बीमारी और किडनी जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ सकती हैं।
– आने वाली पीढ़ियों का स्वास्थ्य भी खतरे में पड़ सकता है।
इस मामले को लेकर नगर के जागरूक नागरिकों ने दो दिन पूर्व उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि तहसीलदार और खनिज विभाग के अधिकारी ने मौके से सैंपल लेकर केवल खानापूर्ति की है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
*जनआंदोलन की चेतावनी*
जिम्मेदार नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुहिम शुरू कर दी है। नागरिकों का कहना है कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि जनता के जीवन और भविष्य का प्रश्न है। यदि प्रशासन ने तुरंत जांच कर इस जहरीले अपशिष्ट को डालना बंद नहीं करवाया और पहले डाले गए कचरे को नहीं हटवाया, तो धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और जनआंदोलन किया जाएगा
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो बड़ीसादड़ी का पर्यावरण और पानी दोनों बर्बाद हो सकते हैं। अब बड़ीसादड़ी की जनता को जागना पड़ेगा














