बिजौलिया के चंपापुर गाँव मे एमडी ड्रग फैक्ट्री पर चला बुलडोजर,अवैध फार्म हाउस ध्वस्त।

कपासन न्यूज/ भीलवाड़ा। एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजौलिया उपखंड के चंपापुर गांव की पहाड़ियों में स्थित उस अवैध फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया, जहां कथित रूप से एमडी ड्रग के निर्माण का काम संचालित किया जा रहा था। जेसीबी मशीनों की मदद से कुछ ही समय में पूरे निर्माण को मलबे में तब्दील कर दिया गया।प्रशासन की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया ध्वस्तीकरण का निर्णय

बिजौलिया तहसीलदार ललित डीडवानिया के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा तैयार किए गए मौका पर्चा एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माण को अवैध घोषित किया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।तहसीलदार ने बताया कि संबंधित निर्माण राजस्व अभिलेखों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके चलते इसे हटाने का निर्णय लिया गया।

राजपूत परिवार की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप

जांच में सामने आया कि जिस भूमि पर यह कथित ड्रग फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह राणा जी का गुढ़ा निवासी एक राजपूत परिवार के नौ खाताधारकों के नाम दर्ज है।आरोप है कि भंवर बंजारा नामक व्यक्ति ने उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराया। इस निर्माण में तीन कमरे, एक बरामदा, किचन तथा लेट-बाथ जैसी सुविधाएं विकसित की गई थीं। बाद में इस फार्म हाउस को करीब 7 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर ड्रग तस्करों को देने की बात जांच में सामने आई है।

महज छह महीने पहले हुआ था निर्माण

स्थानीय लोगों के अनुसार यह निर्माण नया था और लगभग छह महीने पहले ही तैयार किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि एक-दो वर्ष पूर्व तक वहां इस प्रकार का कोई निर्माण मौजूद नहीं था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कथित फैक्ट्री में ड्रग निर्माण का कार्य सिर्फ दो से तीन दिन पहले ही शुरू हुआ था। ऐसे में माना जा रहा है कि अवैध गतिविधियां बड़े स्तर पर फैलतीं, उससे पहले ही पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई कर दी।

36 किलो एमडीएमए सहित बड़ी मात्रा में रसायन बरामद

तीन दिन पूर्व पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में यहां से करीब 36 किलोग्राम एमडीएमए, 155 लीटर एमएम केमिकल, 30 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड तथा 8.50 किलोग्राम कास्टिक सोडा बरामद किया गया था।बरामद सामग्री की मात्रा को देखते हुए जांच एजेंसियों का मानना है कि करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ के निर्माण और वितरण की तैयारी चल रही थी।

आरोपियों से पूछताछ में हुए कई खुलासे

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच में पता चला है कि एक आरोपी मध्य प्रदेश जाकर ड्रग बनाने की तकनीक सीखकर आया था।प्रारंभिक जांच के अनुसार फैक्ट्री स्थापित करने में लगभग 20 से 25 लाख रुपये खर्च किए गए। इस जानकारी के बाद जांच एजेंसियों को संगठित और प्रशिक्षित गिरोह की संलिप्तता की आशंका और मजबूत हुई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अभी भी फरार

अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। बडलियास थाना पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है।जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रॉ मैटेरियल कहां से लाया गया, तैयार माल किन राज्यों में भेजा जाना था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।अन्य संपत्तियों की भी होगी जांच

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि कार्रवाई केवल इस फार्म हाउस तक सीमित नहीं रहेगी। तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि आरोपियों की अन्य संपत्तियों और संभावित अवैध निर्माणों की भी जांच की जाएगी।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब इस मामले में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और आर्थिक स्रोतों की भी पड़ताल कर रही हैं।