कोतवाली थाने का कांस्टेबल 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई जारी।

कपासन न्यूज/ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भीलवाड़ा शहर के कोतवाली थाने में तैनात कांस्टेबल रजाक मोहम्मद को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल रजाक मोहम्मद ने एक मामले में परिवादी को राहत देने और मदद करने के एवज में इस रिश्वत राशि की मांग की थी। परिवादी की शिकायत पर एसीबी टीम ने गोपनीय रूप से जाल बिछाया और जैसे ही कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, टीम ने उसे दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से थाने और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एसीबी के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और कांस्टेबल से पूछताछ के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों को खंगालने की कार्रवाई को आगे बढ़ा रहे हैं।