हजारों गौमाताओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।

रिपोर्टर योगेश कुमार गुप्ता। कपासन न्यूज/ बस्सी क्षेत्र स्थित कानोता/जयपुर स्वर्गीय बंटी मीणा की द्वितीय पुण्यतिथि पर मंगलवार को कानोता एवं हिंगोनिया गौशाला सेवा, श्रद्धा और समर्पण का विराट केंद्र बन गई। बंटी मीणा गौसेवा समिति, कानोता के तत्वावधान में आयोजित भव्य गौसेवा महाआयोजन में प्रदेशभर से हजारों गौभक्त, गौरक्षक, संत-महात्मा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस आयोजन में गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण, समाजसेवा और जनकल्याण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब हेलीकॉप्टर से हजारों गौमाताओं पर पुष्पवर्षा की गई। जैसे ही आसमान से फूलों की वर्षा शुरू हुई, पूरा हिंगोनिया गौशाला परिसर “गौ माता की जय” और “भारत माता की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इसे गौसंरक्षण के प्रति समाज की आस्था और सम्मान का अनूठा उदाहरण बताया।
आयोजन में प्रसिद्ध संत प्रकाश दास जी महाराज ने भक्ति रस से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर गौभक्ति और ईश्वर आराधना में लीन दिखाई दिए। संतों ने अपने उद्बोधन में गौसंरक्षण को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए समाज से गौसेवा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
समिति की ओर से हजारों गौमाताओं को हरा चारा, गुड़, खल, दाना एवं पौष्टिक आहार खिलाया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया। जरूरतमंद लोगों की सहायता, सेवा कार्यों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
समिति अध्यक्ष एवं गौसेवक जितेंद्र मीणा ने कहा कि स्वर्गीय बंटी मीणा का संपूर्ण जीवन गौसेवा, समाजसेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित रहा। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने जयपुर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे गौभक्तों, संतों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर गौरक्षक लोकेश मीणा चावंडिया ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, दानदाताओं, गौभक्तों एवं प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस भव्य आयोजन ने न केवल स्वर्गीय बंटी मीणा के सेवा कार्यों को याद किया, बल्कि गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की बढ़ती जागरूकता और सहभागिता का भी सशक्त संदेश दिया। प्रदेशभर से आए लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख गौसेवा आयोजनों में शामिल कर दिया।