सीएलजी सदस्यों के सहयोग से ही पुलिस अपराधों की रोकथाम में होती है सफल : सीआई गेहरी लाल गुर्जर।

रिपोर्टर आजाद मंसूरी। कपासन न्यूज/ पहुँना पुलिस चौकी में शुक्रवार को राशमी थाना प्रभारी (सीआई) गेहरी लाल गुर्जर ने सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक लेकर उनसे संवाद किया। बैठक में उन्होंने कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस की आंख और कान होते हैं। किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की आशंका की सूचना पहले सीएलजी सदस्यों से ही मिलती है, जिसके आधार पर पुलिस समय रहते कार्रवाई कर अपराधों की रोकथाम करने में सफल होती है।सीआई गुर्जर ने उपस्थित सदस्यों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का नियमित रूप से उपयोग करने की अपील करते हुए इसे जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया।उन्होंने क्षेत्र में बाहरी, अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा उनकी सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही दोनों समुदायों के सीएलजी सदस्यों से आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामंजस्य बनाए रखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक के दौरान राशमी थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार पहुँना पहुंचने पर कालूराम अहीर सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने साफा बंधवाकर एवं उपरना ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर एएसआई नंदलाल सैनी, कांस्टेबल दीपक खोईवाल, विनोद पाराशर, दोनों समुदायों के सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिक तथा मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।