रिपोर्टर राकेश कुमावत कपासन न्यूज/ बाड़ी। चमत्कारी शनिदेव नवग्रह मंदिर बाड़ी में शनिवार को एक बार फिर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। टिप-टिप बरसात के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह और विश्वास कम नहीं हुआ। अलसुबह मंगला आरती के बाद से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिनभर जारी रहीं।
चमत्कारी शनिदेव मंदिर बाड़ी क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। प्रत्येक शनिवार को यहां राजस्थान सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शनिदेव के दर्शन करने और अपनी मनोकामनाओं की अर्जी लगाने पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचकर शनिदेव के दरबार में अपनी हाजिरी लगाते नजर आए।
श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ शनिदेव के दरबार में लगाई गई अर्जी पूर्ण होती है। इसी आस्था और विश्वास के कारण मंदिर को ‘चमत्कारी शनिदेव मंदिर’ के नाम से जाना जाता है। प्रत्येक शनिवार यहां श्रद्धालुओं का विशाल मेला लगता है।
बारिश के बावजूद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। वहीं, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर बाड़ी पुलिस चौकी का जाप्ता भी तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शाम को शनिदेव की महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद साप्ताहिक भंडार खोला गया। भंडार की गणना के दौरान 5 लाख 5 हजार 601 रुपये की राशि प्राप्त हुई। शेष राशि की गणना अभी जारी है। गणना पूरी होने के बाद भंडार से प्राप्त कुल राशि की जानकारी सामने आएगी।
बरसात के बीच भी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर चमत्कारी शनिदेव के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को प्रदर्शित किया।














