पुलिस थाना कपासन ने दिन-दहाड़े हुई चोरी की 07 वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर अभियुक्त को किया गिरफ्तार।

रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत कपासन न्यूज/ चित्तौड़गढ़। श्रीमान महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह यादव द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस थाना कपासन को एक बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र सिंह जोधा व वृत्ताधिकारी कपासन श्री हरीश भारती के निर्देशन में थानाधिकारी श्री सुनील शर्मा मय टीम द्वारा दिन-दहाड़े चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
• गिरफ्तार अभियुक्त: छगनलाल पिता उदयराम तेली (उम्र 27 वर्ष), निवासी- कांकरवा, थाना भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़।
कार्रवाई व वारदातों का विवरण:
दिनांक 28.09.2026 को सिंहपुर निवासी बद्रीलाल जाट के सूने मकान में हुई चोरी के संबंध में थाना कपासन पर प्रकरण संख्या 325/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष पुलिस टीम ने सी.सी.टी.वी. फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से संदिग्ध अभियुक्त छगनलाल को हिरासत में लिया।
गहन पूछताछ में अभियुक्त ने कपासन व आसपास के क्षेत्रों (कल्याणपुरा, मुंगाना, सिंहपुर और जाशमा गांव) में दिन-दहाड़े चोरी की 07 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। अभियुक्त सूने मकानों के ताले तोड़कर अलमारी व पेटियों से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराया करता था।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील शर्मा, उपनिरीक्षक तुलसीराम, ए.एस.आई. उदयलाल, साइबर सैल के रामावतार सहित पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही। विशेष रूप से वारदात को ट्रेस करने से लेकर गिरफ्तारी तक कानि. जितेन्द्र गुर्जर (आसूचना अधिकारी, पुलिस थाना कपासन) की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।