राजस्थान टू अयोध्या: अब फ्लाइट और ट्रेन से सीधे पहुंचे रामनगरी, करें रामलला के दर्शन, जानें पूरा शेड्यूल

 

जयपुर. अयोध्या राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की घड़िया नजदीक आ गई हैं. देशभर में खुशी और उत्सव का माहौल है. देश के कोने-कोने से लोग रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचने का जतन कर रहे हैं. ऐसे में राजस्थान के वाशिंदे भी अब फ्लाइट और ट्रेन के जरिये सीध प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंच सकते हैं. इसके लिए रेलवे जहां तीन स्पेशल ट्रेनें ‘आस्था ट्रेन’ का संचालन कर रहा है. वहीं अब जयपुर से अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट भी मुहैया होगी.

जयपुर से अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट आगामी 1 फरवरी से शुरू होगी. फ्लाइट संख्या SG-3421 जयपुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी. वह सुबह 9:15 बजे अयोध्या पहुंचेगी. फ्लाइट संख्या SG-3426 अयोध्या से दोपहर 3:45 बजे उड़ान भरेगी. वह शाम 5:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी. यह फ्लाइट सप्ताह में 4 दिन मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी. फिलहाल एक ही फ्लाइट का ऐलान हुआ है लेकिन बताया जा रहा है कि जल्द ही दो और उड़ानों की घोषणा हो सकती है.

इससे पहले उत्तर पश्चिम रेलवे भी राजस्थान से अयोध्या के लिए ‘आस्था ट्रेन’ के नाम से तीन गाड़ियों के संचालन को हरी झंडी दे चुका है. NWR इनका पूरा शेड्यूल जारी कर चुका है. ये ट्रेनें 29 जनवरी से संचालित होंगी. ये ट्रेनें राजस्थान के तीन अहम बड़े शहरों जोधपुर, बीकानेर और जैसलमेर से संचालित होंगी. इससे अब राजस्थान के यात्री सीधे राजस्थान से रामलला की नगरी पहुंचकर उनके दर्शन कर पाएंगे.

आस्था ट्रेनें कुल सात ट्रिप करेंगी
इनमें जोधपुर-अयोध्या-जोधपुर ट्रेन 29 जनवरी से, जैसलमेर-अयोध्या-जैसलमेर आस्था ट्रेन 3 फरवरी से और बीकानेर-अयोध्या-बीकानेर ट्रेन 10 फरवरी से संचालित होगी. जोधपुर टू अयोध्या ट्रेन तीन ट्रिप करेगी. वहीं बीकानेर टू अयोध्या और जैसलेमर टू अयोध्या ट्रेनें दो-दो ट्रिप करेंगी. रेलवे ने इनका पूरा टाइम टेबल घोषित कर दिया है.

ये रहेगा आस्था ट्रेनों का शेड्यूल
रेलवे के अनुसार जोधपुर-अयोध्या-जोधपुर आस्था ट्रेन 29 जनवरी, 12 फरवरी और 26 फरवरी को जोधपुर से जाएगी और वापसी में यह 1 फरवरी, 15 फरवरी और 29 फरवरी को अयोध्या से चलेंगी. इसी तरह से बीकानेर-अयोध्या-बीकानेर 10 और 24 फरवरी को बीकानेर से रवाना होगी और यह 13 और 27 फरवरी अयोध्या से वापसी रवाना होगी. जबकि जैसलमेर-अयोध्या-जैसलमेर आस्था ट्रेन 3 और 17 फरवरी को जैसलमेर से रवाना होगी और 6 तथा 20 फरवरी को अयोध्या से वापस जैसलमेर के लिए रवाना होगी.