नागौर. राजस्थान के नागौर इलाके के डीडवाना के नुवां गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. उनके शव सुबह घर में पड़े मिले. गांव में इसकी खबर आग की तरह फैल गई और वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. एक ही परिवार के चार लोगों के एक साथ शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए. उन्होंने तत्काल पुलिस को इत्तला दी. उसके बाद स्थानीय थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस उपाधीक्षक धरम पूनिया ने बताया कि दिल को दहला देने वाली यह घटना कुचामन-डीडवाना जिले के मौलासर थाना इलाके के नुंवा गांव में शुक्रवार रात को हुई है. वहां शनिवार को सुबह एक ही परिवार चार लोगों के शव पड़े मिले हैं. इनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं. दोनों महिलाएं बहनें बताई जा रही हैं. उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं. प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर सामूहिक सुसाइड करने की आशंका जताई जा रही है.
मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है. उनको स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. दूसरी तरफ महिलाओं के पीहर पक्ष ने उनके ससुराल पक्ष वालों पर लगाया हत्या का आरोप लगाया है. उसके बाद पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर मृतकों के परिवार के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है. उनसे गहन पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या फिर आत्महत्या का. एक ही परिवार के चार लोगों की एक साथ मौत होने के कारण नुंवा गांव में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों का जमावड़ा लगा हुआ है. वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस मृतकों के परिजनो से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है. लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है.
.














