रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट।
चित्तौड़गढ़। मैं, दिल्ली में पत्रकारिता करते हुए साल 2010 तक मेरी जन्मस्थली चित्तौड़गढ़ में चार बड़े पत्रकारिता विषय पर कार्यक्रम कर चुका था। इसमें जिले के पत्रकार, साहित्यकार और कलाकारों सहित तत्कालीन जिला कलक्टर श्री आशुतोष गुप्त, आईएएस श्री रवि जैन, श्री राजेन्द्र सिंह शेखावत, तत्कालीन जिला पुलिस अधीक्षक श्री टी.सी.डामोर, श्री राघवेन्द्र सुहास, वर्तमान राज्यसभा सांसद राष्ट्रीय संत बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज, श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री के. विक्रम राव, वरिष्ठ पत्रकार श्री इशमधु तलवार, दिल्ली से वरिष्ठ पत्रकार श्री अतुल अग्रवाल, श्री यशवंत सिंह, वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सी.पी.जोशी, तत्कालीन सांसद श्री श्रीचंद कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
पत्रकारिता करने के साथ ही कहानी और संस्मरण लिखने का शौक शुरू से था, घर के संस्कारों के चलते आध्यात्म के प्रति रूचि बचपन से रही। मतलब यह कि पत्रकारिता, साहित्य और संस्कृति से मेरा जुड़ाव शुरू से रहा ।
मन में था, साहित्य,संस्कृति और मीडिया के क्षेत्र में कुछ नया करने का। पत्रकारिता के गुरू श्री वीर सक्सेना से चर्चा कर 16 मई 2010 को जयपुर में कार्य करते हुए राजस्थान मीडिया एक्शन फोरम की स्थापना की। सबसे पहले प्रदेश के पत्रकार, साहित्यकार और कलाकारों को फोरम से जोड़ने में लग गया।
पत्रकारिता-साहित्यिक-सांस्कृतिक विषय पर छोटे-छोटे कार्यक्रम करने के बाद जयपुर पिंक सिटी प्रेस क्लब में बड़े कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया। 10 दिसम्बर 2011 को जयपुर में कार्यक्रम होना तय कर दिया गया। सबसे पहले राजस्थान के सभी संभाग मुख्यालयों पर गया और वहां के अपने पत्रकार साथियों को जयपुर कार्यक्रम में आने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद जिला और विधानसभा क्षेत्रों में जाकर संपर्क किया।
सच तो यह है कि प्रदेश के कुछ शहरों में निराशाजनक बातें सुनने को भी मिली। कुछ ने कहा प्रदेश में कई पत्रकार संगठन चल रहे हैं, इससे क्या होगा ? तो कुछ बोले, पत्रकार संगठन बनते हैं लेकिन कुछ दिनों बाद कागजों में रह जाते हैं। मैंने फोरम से पत्रकारों सहित साहित्यकारों और कलाकारों को भी जोड़ने की बात कही और समझाया कि यह फोरम पत्रकार संगठन के रूप में नही वरन् प्रदेश के पत्रकार, साहित्यकार और कलाकारों के वैचारिक क्रांति के मंच के रूप में कार्य करेगा। सदस्य संख्या बढ़ने लगी थी।
मैंने पहले ही तय किया हुआ था कि फोरम के सदस्य बनने के लिए सदस्यता शुल्क नही लिया जाएगा। शुरूआत के दिनों में एक-दो जिलों में फोरम के पदाधिकारियों ने शुल्क लेने का प्रयास किया। मैंने, जानकारी मिलने पर सख्ती से बिना सदस्यता शुल्क लिये पत्रकार,साहित्यकार और कलाकारों को जोड़ने का कार्य शुरू करवा दिया।
जयपुर में होने वाले कार्यक्रम का समय नजदीक आ रहा था। वीर भाईसाहब (प्रदेश के वरिष्ठतम पत्रकार) बार-बार जयपुर बुला रहे थे और मैं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर अपने साथियों को जयपुर कार्यक्रम का आमंत्रण दे रहा था। मुझे प्रदेश के दूरस्थ गांव और कस्बों के कलमकार साथियों पर विश्वास था।
आखिरकार वीर भाईसाहब ने जयपुर के पत्रकारों को आमंत्रण देने का जिम्मा पूर्व पिंक सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री राधारमण शर्मा को सौंपा। उन दिनों पिंक सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री एल.एल.शर्मा जी हुआ करते थे। मैं एक दिन के लिए जयपुर आया। एल.एल.शर्मा जी से मिला। प्रेस क्लब का शुल्क देकर रसीद प्राप्त कर ली और फिर निकल गया दूसरे बाकी बचे शहरों की ओर।
कुछ दिन बाद फिर जयपुर आया। तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे जी, विधानसभा अध्यक्ष श्री दीपेन्द्र सिंह जी, सूचना जनसंपर्क मंत्री श्री जितेन्द्र सिंह जी, आयुक्त जनसंपर्क निदेशालय आईएएस श्री कुंजीलाल मीणा जी और राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री वेदव्यास जी को आमंत्रण देकर अपने बाकी बचे कार्यो को पूरा करने में लग गया।
सबसे पहले वीर भाईसाहब के जरिये विधानसभा अध्यक्ष, जनसंपर्क मंत्री और राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष की सहमति की जानकारी मिली।
मैं बहुत खुश था, जो सोचा, वो हो रहा था। प्रिंटर से लेकर सभी तैयारियों का अंतिम रूप चित्तौड़गढ़ से दिया जा रहा था। यहां तक की मंच पर लगने वाला पोस्टर भी चित्तौड़गढ़ में ही बन रहा था। सैकड़ों की संख्या में आमंत्रण पत्र बन रहे थे। मुख्यमंत्री की सहमति नही मिलने के कारण आमंत्रण पत्र में विधानसभा अध्यक्ष और जनसंपर्क मंत्री का नाम लिखवा दिया गया था।
कोटा में आमंत्रण पत्र देकर मैं जयपुर की ओर जा रहा था, तभी मुख्यमंत्री कार्यालय से विशेषाधिकारी श्री देवाराम जी का काॅल आया और उन्होंने मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम में आने की जानकारी देकर फोरम का परिचय मेल के जरिये भेजने को कहा । मुख्यमंत्री का नाम बिना छपे आमंत्रण पत्र वितरित हो चुके थे । मैंने उन्हें इस बात की जानकारी दी तो उन्होंने कहा साहब ने इस कार्यक्रम में आने की बात कही है, आप तुरंत फोरम का परिचय मेल कीजिए।
मैं समझ नही पा रहा था, अब क्या करूं । लेकिन जल्दी ही अपने लैपटाॅप से फोरम का परिचय मुख्यमंत्री कार्यालय को मेल किया। इसके बाद अपने प्रिंटर को मुख्यमंत्री का नाम लिखा नया आमंत्रण पत्र बनाने का आदेश दिया। वो बोला, साहब वापस से इतने कार्ड कैसे वितरित होंगे । मैंने कहा, तुम तो प्रिंट करो।
एक बार फिर आमंत्रण पत्र बनाये गये। जितने बंटे वो बांटे गये। व्हाटसएप्प के जरिये मुख्यमंत्री के नाम वाले कार्ड को भेजा गया। मैं जयपुर पहुंच कर दूसरी तैयारियों में लग गया। भोजन बनाने वाले हलवाई को अग्रिम पेशगी दी और फिर लग गया अपने आने वाले साथियों के रहने की व्यवस्था करने में ।
आखिर वो दिन भी आ गया। 10 दिसम्बर 2011 की सुबह । मेरे आध्यात्मिक गुरू वर्तमान राज्यसभा सांसद राष्ट्रीय संत बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज, मेरे पत्रकारिता के गुरू श्री वीर सक्सेना और मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी (जनसंपर्क) श्री यासीन कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके थे। विधानसभा अध्यक्ष, जनसंपर्क मंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के आयुक्त, राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रवीण चंद्र छाबड़ा , श्री के.एस.तोमर सहित प्रदेश के कोने-कोने से सैकड़ों पत्रकार और कलमकार भी पिंक सिटी प्रेस क्लब आ गये। जयपुर के दूसरे वरिष्ठ और अन्य पत्रकार भी आ गये। पिंक सिटी प्रेस क्लब के सभागार में सीटें कम होने के कारण बाहर से आए कई ग्रामीण और कस्बाई कलमकार बाहर ही रह गये।
मेरी आदत के मुताबिक समय पर कार्यक्रम शुरू करवा दिया गया। तीन घंटे के बाद कार्यक्रम समाप्ति की ओर था । जयपुर में पहला सफल कार्यक्रम और यही थी मेरे द्वारा शुरू किये गये राजस्थान साहित्यिक आंदोलन की राजधानी से शुरूआत । प्रदेशभर से पत्रकार, साहित्यकार और कलाकार आए लेकिन सूबे के मुखिया नही आ पाए, जबकी वो इस कार्यक्रम में आना चाहते थे। ललकार














