जिस घर में भारतीय नस्ल की देशी गौमाता का पालन होता है उस घर में अनिष्ट की आशंका नहीं रहती है – अनन्त राम जी शास्त्री

रिपोर्टर बन्शीलाल धाकड़ राजपुरा।

बड़ीसादड़ी। राम से बड़ा राम का नाम अर्थात भगवान का नाम स्मरण करना भगवान के साक्षात दर्शन से अधिक प्रभावी है। राम और श्रीकृष्ण का अवतार हजारों वर्ष पूर्व हुआ उस युग के लोगों ने भगवान के साक्षात दर्शन किये और कृतार्थ हुए लेकिन हजारों वर्ष बाद आज भी हम भगवान के नाम का स्मरण करके अपने कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हुए भवसागर पार करते है। भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं गौचारण करके हमें सर्वदेवमयी गौमाता की सेवा का महत्व समझाया। जिस घर में भारतीय नस्ल की देशी गौमाता का पालन होता है उस घर में अनिष्ट की आशंका नहीं रहती है।उपरोक्त उद्गार व्यासपीठ से अनन्त राम जी शास्त्री ने श्रीरामद्वारा दिव्य आनंदधाम में श्राद्ध पक्ष में सप्त दिवसीय कथा कार्यक्रम में पंचम दिवस की कथा में शनिवार रात्रि को व्यक्त किये। साथ ही वर्तमान में गौमाता की दुर्दशा पर दुःख व्यक्त करते हुए अनंतराम महाराज ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं से गौमाता की दशा सुधारने हेतु प्रत्येक परिवार में गौपालन का निवेदन किया।यदि कोई परिस्थितियों वश घर पर गौपालन नहीं कर सकते है तो उन्हें गौशालाओं में धन सहयोग करते हुए गौमाता की सेवा का निवेदन किया। कथा कार्यक्रम के प्रारंभ में राम सिंह राठौड़ एवं प्रकाश टेलर ने परिवार सहित उपस्थित होकर कथावाचक संत का पाग धारण करा कर अभिनंदन किया।कथा कार्यक्रम में शिव द्वारा बालकृष्ण की छवि दर्शन,पूतना मोक्ष,शकटासुर वध, तृणावर्त मोक्ष, गर्गाचार्य द्वारा श्रीकृष्ण बलराम का नामकरण संस्कार, नल कुबेर और मणिग्रीव मोक्ष कथा का विस्तार से वर्णन किया।श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग अनुसार माखनचोर मंडली द्वारा मटकीफोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंत मे प्रकाश टेलर,पंकज चौधरी, विहिप प्रमुख राकेश कोठारी (डूंगला)गोविंद सुथार (संग्रामपुरा) पुरण अहीर,रामसिंह राठौड़,गुप्तेश्वर महादेव समिति के महेश मेनारिया एवं साथी कार्यकर्ताओं का उपरना पहना कर तस्वीर भेंटकर व्यासपीठ से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमद्भागवत पोथी की आरती कर खीर का प्रसाद वितरण किया गया।