पहुँना क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाया गोवर्धन पूजा पर्व।

कपासन टाइम्स न्यूज/ रिपोर्टर आजाद मंसूरी राशमी। उपखंड क्षेत्र के पहुँना सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को गोवर्धन पूजा पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। घर-आंगन में धार्मिक माहौल रहा तथा लोगों ने सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना के लिए गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की।गोवर्धन पूजा के अवसर पर महिलाओं ने नव वस्त्र धारण कर घरों के बाहर व आंगन में गोबर से गोवर्धन जी बनाकर विधि-विधान से पूजा की। पूजा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए अन्न, जल, मिठाई एवं विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया। महिलाओं ने पारंपरिक गोवर्धन पूजा की कथा सुनकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार गोवर्धन पूजा प्रकृति, अन्न, गौवंश एवं कृषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है।ग्रामीण अंचल में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व होने के चलते किसानों ने अपने कृषि कार्य में सहयोगी बैलों की भी श्रद्धापूर्वक पूजा की। बैलों को स्नान करवाकर रंग-बिरंगे रंगों से सजाया गया। उनके गले में आकर्षक बैडे, घंटियां एवं सजावटी सामग्री पहनाकर सुंदर रूप दिया गया। इसके बाद बैलों की पूजा-अर्चना कर उन्हें लापसी खिलाई गई। किसानों ने बैलों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करते हुए कृषि एवं पशुधन की समृद्धि की कामना की। गोवर्धन पूजा के अवसर पर क्षेत्र की गौशालाओं में भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए। गौसेवकों एवं श्रद्धालुओं ने गौमाता को गुड़, लापसी एवं अन्य पौष्टिक आहार खिलाकर उनकी पूजा-अर्चना की तथा गौमाता का आशीर्वाद लिया। गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं सेवा भाव का वातावरण देखने को मिला।गोवर्धन पूजा पर्व को लेकर पहुँना सहित आसपास के बाजारों में भी अच्छी रौनक रही। बैलों के गले में पहनाने वाले बैडे, घंटियां, रंग-बिरंगी सजावट की सामग्री एवं अन्य पारंपरिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपने बैलों को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार की आकर्षक सामग्री की खरीदारी की। पर्व के चलते बाजार में दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक नजर आई।
गोवर्धन पूजा पर्व ने ग्रामीण संस्कृति, कृषि परंपरा, गौसेवा एवं प्रकृति के प्रति श्रद्धा की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, पारंपरिक उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना रहा।